श्रावण कृष्ण नवमी पर गोगाजी महाराज का वार्षिक मेला: अरावली की तलहटी में गूंजे जयकारे, रात भर हुई भजनों की बरसात
सकट के राजपुर बड़ा में गोगाजी महाराज के वार्षिक मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रात भर भजनों से गुंजायमान रहा क्षेत्र
सकट/राजगढ़ (अलवर)। सकट क्षेत्र के ग्राम राजपुर बड़ा में राजगढ़-बीधोता सड़क मार्ग पर अरावली पर्वतमालाओं की गोद में स्थित रैबारी मोहल्ला गोगाजी महाराज मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रावण कृष्ण पक्ष नवमी के अवसर पर एक दिवसीय वार्षिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गोगाजी महाराज के दरबार में शीश नवाकर मनौतियां मांगी।
फूलों की मनमोहक झांकी और अखंड रामधुनि मेले के उपलक्ष्य में गोगाजी महाराज की प्रतिमा का सुगंधित पुष्पों से अलौकिक शृंगार कर मनमोहक झांकी सजाई गई। सरपंच प्रतिनिधि रामोतार शर्मा एवं सीताराम देवासी ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत गुरुवार सुबह अखंड रामधुनि के साथ हुई, जो दिनभर चलती रही। इसके बाद रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया।
गायक कलाकारों ने रात भर बांधा समां भजन संध्या में गायक कलाकार हेमराज देवांशी, ओमप्रकाश सैनी, छोटेलाल, घनश्याम शर्मा, किशन स्वामी, शुभम शर्मा, दिनेश प्रजापत, दिनेश सैनी, भारत सैन और गोलू मिश्रा सहित कई कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियों से गोगाजी महाराज की महिमा का बखान किया। श्रद्धालु रात भर भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे।
मेले में खरीदारी और झूलों का आनंद शुक्रवार को मेले के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में खाने-पीने, खिलौनों, शृंगार और घरेलू सामान की दर्जनों दुकानें सजाई गईं। महिलाओं ने खरीदारी में खासा उत्साह दिखाया, वहीं बच्चों ने चाट-पकौड़ियों का स्वाद चखने के साथ झूलों का भरपूर आनंद उठाया।
भक्तों ने लगाई ठंडे पानी की प्याऊ भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए भामाशाहों और स्थानीय सेवाभावी युवाओं द्वारा जगह-जगह ठंडे पानी, नींबू पानी, शर्बत और ठंडाई की प्याऊ लगाई गई, जिससे दर्शनार्थियों को राहत मिली। दर्शन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया।
इस दौरान सेवक समय सिंह, मिट्ठू, पप्पू, धर्मो, सीताराम, माडू, कैलाश गुरुजी, जगदीश सैनी, ओमप्रकाश सैनी सहित कई गणमान्य नागरिक और सेवादार उपस्थित रहे।

