लायन्स क्लब एवं लियो क्लब ने पौधारोपण अभियान को दी नई गति, लगाए 51 और फलदार पौधे
खैरथल (हीरालाल भूरानी) पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लायन्स क्लब खैरथल मंडी एवं लियो क्लब खैरथल मंडी द्वारा आज सन श्री पैकेजिंग, सोरखा रोड, बड़ी परिसर में पौधारोपण अभियान के अंतर्गत 51 और फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आम, जामुन, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित सदस्यों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर लायन्स क्लब खैरथल मंडी के अध्यक्ष सीए ललित गुप्ता, लियो क्लब खैरथल मंडी के अध्यक्ष गुण अरोड़ा गुप्ता सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण के लिए पौधारोपण अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और आगामी दिनों में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का दायित्व भी लिया।

