कॉलेज की बालिकाओं ने लिया वन संरक्षण का संकल्प, 111 पौधे लगाने का रखा लक्ष्य
हलैना (विष्णु मित्तल)। चौधरी कन्या कॉलेज की छात्रा मित्र मंडली, समृद्ध भारत अभियान एवं कॉलेज की बालिकाओं ने रविवार को ग्राम हंतरा स्थित वैर सड़क मार्ग और कॉलेज परिसर में पौधरोपण कर वन संरक्षण का संकल्प लिया। अभियान के तहत पर्यावरण संवर्धन के लिए कुल 111 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता एवं कॉलेज के निदेशक विजयपाल सिंह चौधरी के निर्देशन में आयोजित हुआ। छात्रा मित्र मंडली की संयोजिका निधी कुमारी एवं पलक कुमारी ने बताया कि ‘हरियालो राजस्थान अभियान’ के तहत रविवार को प्रथम चरण में 51 पौधे रोपे गए।
अभियान के अगले चरण में क्षेत्र के विभिन्न गांवों—हंतरा, अरोदा, डहरा, परसवारा, गंगवाना, हतीजर, नगला कटेरान और न्यामदपुर में 21-21 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधरोपण कर उनकी देखभाल का जिम्मा उठाया जाएगा। पौधरोपण कार्यक्रम में छात्रा प्रिया, खुशी, प्रतिमा, तनु, रेनु, कनिष्का, पलक, सपना, रौनक, कोमल, भावना, रोशनी आदि ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 5-5 पौधे लगाए और उनके संरक्षण की शपथ ली।

