चिराना संस्कृत कॉलेज के पीछे पेड़ से लटका मिला लगभग 15 दिन पुराना शव, इलाके में फैली सनसनी
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) निकटवर्ती चिराना गांव स्थित संस्कृत कॉलेज के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में बरखंडी की ओर जाने वाले रास्ते पर एक पेड़ से लटका हुआ मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कंकाल करीब 15 दिन पुराना बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही गोठड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार चिराना की पहाड़ी के पास एक पेड़ से मानव कंकाल लटका हुआ मिला। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
सूचना मिलने पर सीओ सुगन सिंह और गोठड़ा थाना प्रभारी (SHO) पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मौत आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से हुई है। पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। गोठड़ा पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर नवलगढ़ जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

