मालाखेड़ा में दिनदहाड़े बड़ी वारदात: ग्राहक बनकर आईं दो महिलाओं ने 'श्री बालाजी ज्वैलर्स' से पार किए 6 लाख के मंगलसूत्र
मालाखेड़ा में दिनदहाड़े सर्राफा दुकान में बड़ी चोरी: ग्राहक बनकर पहुंचीं दो महिलाओं ने पार किए 6 लाख के 10 मंगलसूत्र; पुलिस खंगाल रही CCTV
मालाखेड़ा (अलवर) अनिल गुप्ता
कस्बे के सबसे व्यस्ततम मीना मार्केट स्थित 'श्री बालाजी ज्वैलर्स' में दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राहक बनकर दुकान में घुसीं दो शातिर महिलाओं ने दुकानदार को बातों में उलझाकर और नजर बचाकर डिब्बे में रखे करीब 6 लाख रुपये कीमत के 10 सोने के मंगलसूत्र पार कर दिए। व्यस्त बाजार में हुई इस वारदात से स्थानीय सर्राफा व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
गहने देखने का नाटक कर भटकाया ध्यान
दुकान संचालक के अनुसार, दोनों संदिग्ध महिलाएं सोने के आभूषण खरीदने के बहाने दुकान में आई थीं। काउंटर पर बैठकर उन्होंने काफी देर तक अलग-अलग डिजाइन के गहने दिखाने की फरमाइश की। जब दुकानदार उन्हें जेवर दिखाने में व्यस्त था, उसी दौरान मौका पाकर महिलाओं ने बेहद सफाई से मंगलसूत्रों से भरा डिब्बा अपनी ओर खींच लिया और उसमें से 10 सोने के मंगलसूत्र अपने कपड़ों में छिपा लिए। इसके बाद वे बिना कोई सामान खरीदे सामान्य ग्राहकों की तरह दुकान से बाहर निकल गईं।
स्टॉक मिलाया तो उड़े होश
महिलाओं के जाने के बाद जब दुकान संचालक ने काउंटर पर रखे डिब्बों और स्टॉक की जांच की, तो मंगलसूत्र गायब मिले। जेवर गायब देखते ही पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की भनक लगते ही आसपास के व्यापारी एकत्रित हो गए और तत्काल मालाखेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मालाखेड़ा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान के भीतर और मीना मार्केट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में संदिग्ध महिलाओं की आवाजाही और चोरी का तरीका कैद हुआ है, जिसके आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया जाएगा।

