15 सितंबर को पीचावा में होगा मेघवाल समाज महासम्मेलन एवं स्नेह मिलन समारोह
तखतगढ़ (बरकत खान) मेघवाल समाज की एकता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं सर्वांगीण विकास को लेकर आगामी 15 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे डाली बाई मंदिर, पीचावा की पावन धरा पर मेघवाल समाज महासम्मेलन एवं स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा।कार्यकर्ता मुकेश दहिया ने बताया कि महासम्मेलन में समाज के वर्तमान एवं भविष्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा। विशेष रूप से समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को आगे बढ़ाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा समाज के सर्वांगीण विकास को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।महासम्मेलन में आगामी चुनावों में समाज के योग्य एवं समर्पित जनप्रतिनिधियों की प्रभावी भागीदारी एवं उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय प्रतिभाओं एवं युवाओं को आगे बढ़ाने तथा समाजहित के कार्यों में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विचार रखे जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वर्तमान एवं भविष्य से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर समाजबंधुओं के सुझाव, विचार एवं अनुभव लिए जाएंगे, ताकि सामूहिक सहभागिता के माध्यम से समाज को और अधिक संगठित, शिक्षित एवं सशक्त बनाया जा सके।मुकेश दहिया ने मेघवाल समाज के सभी समाजबंधुओं से अपील की है कि वे पूरे परिवार सहित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर महासम्मेलन को सफल बनाएं तथा समाज की एकता और शक्ति को मजबूती प्रदान करें।कार्यकर्ता मुकेश दहिया ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी संवाद, शिक्षा, संगठन और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। यह महासम्मेलन इन्हीं उद्देश्यों को लेकर समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

