स्वामी हरिदास जी महाराज के 546वें आविर्भाव महोत्सव का भव्य शुभारंभ
वृन्दावन (विष्णु मित्तल)श्री स्वामी हरिदासीय राधा प्रसाद सेवा ट्रस्ट (रजि.) द्वारा आयोजित श्री स्वामी हरिदास जी महाराज के 546वें आविर्भाव महोत्सव का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिवस प्रातःकाल स्वामी हरिदास जी महाराज का वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखनाद एवं हरिनाम संकीर्तन के मध्य भव्य महाअभिषेक सम्पन्न कराया गया। देशभर से आए संत-महात्माओं, रसिक भक्तों एवं श्रद्धालुओं ने महाअभिषेक में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
जानकारी देते हुए महंत मोहनी शरण महाराज ने बताया कि उक्त कार्यक्रम महामंडलेश्वर स्वामी श्री राधा प्रसाद देव जू महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। आज कार्यक्रम के प्रथम दिवस महाअभिषेक के दौरान 135 पावन तीर्थों के जल, पुष्प, फल रस, सुगंधित द्रव्यों एवं विशेष औषधियों से स्वामी जी महाराज का अभिषेक किया गया। अभिषेक के समय संत-महात्माओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयघोष करते हुए भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की। सम्पूर्ण परिसर राधे-श्याम एवं स्वामी हरिदास जी महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। भक्तों ने दिव्य अभिषेक के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
महाअभिषेक के उपरांत श्री ललित कुंज से राधा प्रसाद धाम, गोपाल खार तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ बटुक ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं स्वस्तिवाचन के साथ हुआ। यात्रा में संत-महात्माओं, ब्रजवासियों, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं एवं युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। हरिनाम संकीर्तन, ध्वज-पताकाओं एवं भक्ति गीतों के साथ निकली शोभायात्रा ने सम्पूर्ण परिक्रमा मार्ग को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा का विशेष आकर्षण हरियाणा से आई महिला श्रद्धालुओं द्वारा प्रस्तुत किया गया डांडिया नृत्य रहा, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में धार्मिक ध्वज एवं पताकाएं लेकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे थे। स्कूली बच्चों द्वारा अनुशासित ढंग से यात्रा में सहभागिता करते हुए स्वामी हरिदास जी महाराज के जयकारे लगाए जा रहे थे, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। भक्तजन नृत्य करते हुए एवं "स्वामी हरिदास जी महाराज की जय" के उद्घोष के साथ आगे बढ़ते रहे। सांयकाल आयोजित भजन संध्या में पूवांचल समिति के कलाकारों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में भक्तजन भक्ति रस में सराबोर रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि सप्ताहभर चलने वाले इस महोत्सव में संगीत समारोह, भजन संध्या, कवि सम्मेलन, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे सहित अनेक धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर संत-महात्माओं, रसिक भक्तों एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की विशेष उपस्थिति रही। इस मौके पर आचार्य बद्रीश, सौरभ गौड़, अनमोल शास्त्री, योगेश गर्ग, विष्णु बावरा, सुमित, एस.बी. गर्ग, आयुष मित्तल, नवल सखी आदि मौजूद रहे।

