पारंपारिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ऋषि पंचमी पर्व, महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर रखा निर्जला व्रत
गुरलां (बद्री लाल माली)
राष्ट्रीय राजमार्ग 758 स्थित गुरलां बस स्टैंड के समीप सदाबहार महादेव मंदिर में महिलाओं ने प्राचीन पौराणिक मान्यताओं और परंपराओं के अनुसार ऋषि पंचमी का त्यौहार बड़ी ही श्रद्धा व भक्तिभाव के साथ मनाया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने भगवान शिव और सप्तऋषियों की विशेष पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
हल से जुते अनाज का त्याग, निभाई प्राचीन परंपरा
ऋषि पंचमी के पावन पर्व पर महिलाओं ने पूरे दिन का व्रत रखा। इस व्रत की विशेष मान्यता के अनुसार, महिलाओं ने हल द्वारा बोई या जोती गई फसलों से प्राप्त अनाज को ग्रहण नहीं किया। पौराणिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए महिलाओं ने केवल पसई (सवां) के चावल या बिना हल के उगाई गई प्राकृतिक खाद्य सामग्रियों का ही सेवन कर अपना व्रत पूर्ण किया।
महादेव मंदिर में उमड़ीं श्रद्धालु महिलाएं
सदाबहार महादेव मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान रेखा सेन, मीरा देवी सेन, मधु सेन, उषा सेन और पायल सेन सहित कई महिलाओं ने एक साथ बैठकर ऋषि पंचमी की कथा सुनी और विधि-विधान से आरती उतारी। पूजा के पश्चात महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।

