17वें दिन भव्य भजन संध्या और महाप्रसादी के साथ बाबा रामदेवजी के भंडारे का हुआ समापन, सेवादारों का किया सम्मान
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा
बाबा रामदेव नवयुवक मंडल अणवाणा के तत्वावधान में विगत 17 दिनों से अनवरत चल रहे बाबा रामदेवजी के विशाल भंडारे का मंगलवार को भव्य भजन संध्या और महाप्रसादी वितरण के साथ शांतिपूर्ण समापन हो गया। समस्त अणवाणा ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस 17 दिवसीय सेवा शिविर के सफल समापन पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह व खुशी की लहर देखने को मिली।
देर रात तक भजनों की सरिता, सेवादार सम्मानित
समापन के अवसर पर आयोजित अंतिम रात्रि भजन संध्या में स्थानीय एवं आमंत्रित गायकों ने बाबा रामदेवजी के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। इस दौरान लगातार 17 दिनों तक निष्काम भाव से सेवाएं देने वाले नवयुवक मंडल के कार्यकर्ताओं को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) भेंटकर सम्मानित किया गया और उनके सेवा भाव की सराहना की गई।
डीजे की धुन पर निकली भव्य शोभायात्रा
मंगलवार सुबह ढोल-धमाकों और डीजे की धुन पर कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने एक विशाल शोभायात्रा निकाली। नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी की दिव्य तस्वीर को पूरे गांव में भ्रमण कराने के पश्चात पूर्ण विधि-विधान के साथ मंदिर में पुनः विराजमान कराया। इसके पश्चात आयोजित महाप्रसादी में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

