घरेलू विवाद में युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लगाई आग, 50 फीसदी झुलसा
खैरथल-तिजारा जिले के टपूकड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जिवाना गांव में पारिवारिक कलह के चलते एक व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को परिजनों ने तुरंत अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मूल रूप से अयोध्या (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला रमेश कुमार पिछले दो वर्षों से अपनी पत्नी प्रमिला और दो बच्चों के साथ जिवाना गांव में रह रहा था और वेल्डिंग का कार्य करता है। परिजनों के अनुसार, रमेश ने पहले अपने बेटे से बाइक में डालने के बहाने पेट्रोल मंगवाया। इसके बाद उसने कमरे के अंदर जाकर खुद पर पेट्रोल उड़ेला और आग लगा ली।
कमरे से धुआं और लपटें उठती देख पत्नी प्रमिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पत्नी ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते रमेश पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव में था।
अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, आग से रमेश का शरीर करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसका उपचार जारी है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

