कठूमर में सहकारी समितियों के कर्मचारियों का धरना जारी, सरकार पर अनदेखी के आरोप
27 फरवरी से चल रही हड़ताल से सेवाएं प्रभावित, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कठूमर (दिनेश लेखी) राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, जयपुर के तत्वाधान में राजस्थान बहुउद्देशीय सहकारी समिति कर्मचारी यूनियन शाखा कठूमर द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना- प्रदर्शन लगातार जारी है। कर्मचारियों की यह हड़ताल 27 फरवरी 2026 से शुरू होकर 31 मार्च 2026 तक भी बिना किसी समाधान के जारी है, जिससे क्षेत्र में सहकारी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
ग्राम सेवा सहकारी समिति कठूमर के व्यवस्थापक राजेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बार-बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
धरना स्थल पर कर्मचारियों द्वारा लगातार नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया जा रहा है। “मांगें पूरी करो” और “सरकार होश में आओ” जैसे नारों के साथ कर्मचारी अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। आंदोलन में किसानों ने भी भागीदारी निभाते हुए सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई है और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस हड़ताल का असर आम जनता पर भी पड़ रहा है, जिससे सहकारी समितियों से जुड़ी कई सेवाएं बाधित हो रही हैं। अब क्षेत्र के लोगों की नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है कि आखिर कब तक इस हड़ताल का समाधान निकलता है।
इस दौरान धरना-प्रदर्शन में राजेन्द्र परासर, उत्तम सिंह, बनवारी लाल, श्याम सिंह, जयपाल सिंह, अरविंद कुमार, सुनेश सोलंकी, नवाब सिंह, शिवगणेश, प्रद्युमन शर्मा, पार्थव शर्मा, मनीष कुमार शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, पुष्पेन्द्र सिंह, राधारमन, योगेश सैनी, योगेन्द्र सिंह, सतेंद्र सिंह, राधेश्याम जाट, भागीरथ सिंह, प्रेम प्रकाश, देशराज सिंह, राहुल कुमार एवं लाला सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।