लुपिन फाउंडेशन का 39वां स्थापना दिवस समारोह एवं मस्टर्ड ऑयल मिल का भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित
ढिगावडा / अलवर (अनिल कुमार गुप्ता)
अलवर जिले के ग्राम ढिगावडा में शुक्रवार को लुपिन ह्यूमन वेलफेयर एंड रिसर्च फाउंडेशन, अलवर के तत्वावधान में संस्था का 39वां स्थापना दिवस समारोह, गांधी जयंती और राजगढ़ कृषक समृद्धि प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा स्थापित मस्टर्ड ऑयल मिल का भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लुपिन सीएसआर की हेड तुषारा शंकर, विशिष्ट अतिथि डिप्टी जनरल मैनेजर योगेश राउत और कृषि विभाग के सहायक कृषि उपनिदेशक गोकरण मीना ने डॉ. देशबंधु गुप्ता व महात्मा गांधी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा फीता काटकर मस्टर्ड ऑयल मिल का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
ग्रामीण विकास और किसानों को सशक्त बनाने का संकल्प
समारोह में लुपिन फाउंडेशन के स्टेट हेड अनिल गुप्ता ने बताया कि वर्ष 1988 में स्थापित यह संस्था पिछले 39 वर्षों से लगातार ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्यरत है। वर्तमान में संस्था विभिन्न राज्यों में आजीविका विकास, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि अलवर जिले में किसानों की आजीविका को मजबूत करने के लिए विशेष कृषि गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीकों के जरिए किसानों की आय में 25 प्रतिशत तक की सतत वृद्धि करना है।
संस्थापक के सपनों और योजनाओं की जानकारी
लुपिन फाउंडेशन की सीएसआर हेड तुषारा शंकर ने संस्थापक डॉ. देशबंधु गुप्ता के जीवन और उनके समाजसेवा के संकल्प को याद किया। उन्होंने मोबाइल हेल्थ वैन, 'सक्षम' कार्यक्रम और एफपीओ (कृषक उत्पादक संगठन) की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसानों की सामूहिक भागीदारी और मूल्य संवर्धन से ही उनका सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण संभव है।
कृषि विभाग के सहायक कृषि उपनिदेशक गोकरण मीना ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी और किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। डिप्टी जनरल मैनेजर योगेश राउत ने ऑयल मिल की स्थापना को किसानों के सामूहिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। जिला मैनेजर रवि दाधीच ने 'देशबंधु जन आरोग्य केंद्र' के माध्यम से दी जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व उपचार सुविधाओं की जानकारी दी।
प्रगतिशील किसानों का सम्मान और प्रोत्साहन
कार्यक्रम के अंत में एबल और स्वास्थ्य परियोजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील महिला एवं पुरुष किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही, राजगढ़ व मालाखेड़ा ब्लॉक के चयनित किसानों को जल उपयोगिता दक्षता के लिए 250 स्प्रिंकलर, जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए 1000 वर्मी बेड और 5000 आईएनएम किट का वितरण किया गया।
इस भव्य समारोह में दोनों ब्लॉकों से 300 से अधिक प्रगतिशील किसानों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा कृषि प्रदर्शनी भी लगाई गई। मंच का सफल संचालन भगवान सहाय शर्मा द्वारा किया गया।

