अवैध लकड़ी कटान और परिवहन पर नदबई वन विभाग का बड़ा शिकंजा: हाईवे पर ट्रक पकड़ा, एक माह में 9 वाहन जब्त
नदबई (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नदबई वन विभाग रेंज की टीम ने नेशनल हाईवे-21 पर गश्त के दौरान अवैध रूप से लकड़ी परिवहन कर रहे एक ट्रक को मौके से जब्त किया है। उप वन संरक्षक (डीएफओ) पी. बालामुरुगन के निर्देशन तथा नदबई क्षेत्रीय वन अधिकारी (रेंजर) नरेंद्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई से लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
वन अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध कटाई और तस्करी की रोकथाम के लिए वन विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हाईवे पर संदिग्ध रूप से गुजर रहे लकड़ी से लदे ट्रक को रुकवाकर जांच की गई और वैध दस्तावेज न मिलने पर उसे तुरंत जब्त कर रेंज कार्यालय लाया गया।
- एक माह में सात लकड़ी व दो खनन वाहन पकड़े:
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, पिछले महज एक महीने के भीतर नदबई रेंज स्टाफ ने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नकेल कसी है। इस दौरान अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल सात वाहन जब्त किए गए हैं, जिनमें तीन ट्रक, एक टाटा वाहन और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त विभाग ने अवैध खनन पर भी कड़ा प्रहार करते हुए पत्थरों का अवैध परिवहन कर रहीं दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी सीज किया है। रेंजर नरेंद्र कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि वन संपदा और अवैध खनन के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। जब्त किए गए सभी वाहनों के खिलाफ वन एवं खनन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

