डीडवाना-मकराना के डीएसपी बने सीनियर स्केल अधिकारी, गृह विभाग ने जारी किए पदोन्नति आदेश
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। राजस्थान पुलिस सेवा में पदोन्नति को लेकर गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में डीडवाना के पुलिस उपाधीक्षक उमेश गुप्ता और मकराना के पुलिस उपाधीक्षक विक्की नागपाल का नाम शामिल है। राजस्थान सरकार के गृह (ग्रुप-1) विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत, राजस्थान पुलिस सेवा नियम, 1954 के नियम 32 के अंतर्गत गठित विभागीय पदोन्नति समिति की 8 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक की अभिशंसा के आधार पर दोनों अधिकारियों को जूनियर स्केल से सीनियर स्केल में पदोन्नत किया गया है।
मकराना वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल को नवंबर 2025 में जारी तबादला सूची के तहत लाडनूं से मकराना लगाया गया था। इसके बाद से वे मकराना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। क्षेत्र में गंभीर मामलों की जांच, पुलिस टीमों के बीच समन्वय और कानून-व्यवस्था से जुड़े अभियानों के साथ-साथ विभिन्न आपराधिक मामलों के खुलासे में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। वहीं डीडवाना वृत्ताधिकारी उमेश कुमार गुप्ता इससे पूर्व सवाई माधोपुर जिले के बौंली सर्किल में पुलिस उपाधीक्षक पद पर पदस्थापित थे। उन्होंने 5 दिसंबर 2025 को बौंली में पदभार संभाला था और 19 अगस्त 2026 को वहां से कार्यमुक्त होकर डीडवाना में कार्यभार ग्रहण किया था। उनके बौंली कार्यकाल के दौरान सर्किल ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में भरतपुर रेंज में पहला स्थान हासिल किया था। वर्तमान में वे डीडवाना में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दायित्वों का निर्वहन पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा के साथ समन्वय स्थापित कर कर रहे हैं। इसके अलावा जिले में साइबर ठगी सहित विभिन्न अपराधों के विरुद्ध प्रभावी पुलिस कार्रवाई में भी उनकी भूमिका प्रमुख रही है। पदोन्नति सूची में विक्की नागपाल और उमेश गुप्ता के नाम शामिल होने से जिले के पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने दोनों को पदोन्नति पर शुभकामनाएं देते हुए इसे विभाग के लिए गौरवपूर्ण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों और परिवारजनों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में पूरी निष्ठा व कर्तव्यपरायणता के साथ जनसेवा करते रहने की उम्मीद जताई।

