चाण्डी विद्यालय में प्रतीकात्मक मतदान केंद्र बनाकर विद्यार्थियों को सिखाया वोट डालने का तरीका: नव-पंजीकृत युवा मतदाताओं का हुआ सम्मान
मकराना (मोहम्मद शहजाद)
निर्वाचन एवं रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) बाबूलाल जाट के निर्देशानुसार गुरुवार को शहीद शिवजी राम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चाण्डी में 'स्वीप' (सशक्त लोकतंत्र व मतदाता जागरूकता) अभियान के तहत विविध गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और 18-19 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के प्रति जागरूक करना रहा।
मॉक पोल से सीखा वोट डालने का व्यवहारिक तरीका
निर्वाचन शाखा प्रभारी रामावतार बंजारा, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हुकमाराम लेगा एवं ब्लॉक स्तरीय स्वीप टीम प्रभारी गोपाल चौधरी के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में एक प्रतीकात्मक मतदान केंद्र (मॉक पोल बूथ) स्थापित किया गया। यहाँ विद्यार्थियों ने मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर निष्पक्ष वोट डालने के चरणों को समझा। इसके बाद उपस्थित सभी ग्रामीणों, शिक्षकों व विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत व निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई गई।
जागरूकता रैली और नव-मतदाताओं का स्वागत
कार्यक्रम के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर गांव के प्रमुख मार्गों से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली और नारों के माध्यम से ग्रामीणों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए युवा मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया।
"लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति मतदान में निहित" — प्रधानाचार्य
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य चेनाराम भाकर ने 'गांव की सरकार में हमारी भूमिका' विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस व्यवस्था की वास्तविक शक्ति नागरिक के मतदान में निहित है। स्थानीय शासन और क्षेत्र का विकास नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है, इसलिए हर पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
गणमान्य नागरिक एवं स्टाफ रहा मौजूद
इस अवसर पर स्वीप टीम सदस्य मुरली मनोहर, व्याख्याता नंदकिशोर, वरिष्ठ अध्यापक शेर मोहम्मद खान, गोपाल सिंह, अध्यापक रामरतन, प्रेमाराम, प्रहलाद, रामप्रकाश कूकणा, शारीरिक शिक्षक पारस परिहार, कनिष्ठ सहायक मुनीमाराम सहित बड़ी संख्या में विद्यालय स्टाफ, स्थानीय ग्रामीण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

