अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़: 1000 सिलेंडर बरामद, एजेंसी पर FIR दर्ज
बुलंदशहर (शशि जायसवाल) बुलंदशहर के खुर्जा में प्रशासन ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर शिवांश भारत गैस एजेंसी (अगोरा अमीरपुर) पर छापा मारा गया। इस दौरान अवैध रूप से गैस ट्रांसफर करने का भंडाफोड़ हुआ और मौके से लगभग 1000 सिलेंडर तथा रिफिलिंग उपकरण बरामद किए गए।
प्रशासन को लंबे समय से इस एजेंसी पर अवैध रिफिलिंग की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर एसडीएम खुर्जा प्रतीक्षा पाण्डेय और आपूर्ति निरीक्षक प्रीति सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने गोदाम पर छापा मारा। जांच में कैंपस से 32 रिफिलर यंत्र ('बांसुरी') और गैस ट्रांसफर करने वाले तीन बड़े पाइप मिले। इससे स्पष्ट हुआ कि यहां बड़े पैमाने पर एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस चोरी और रिफिलिंग का काम चल रहा था।

कैसे चल रहा था 'रिफिलिंग का खेल'?
जांच में सामने आया है कि एजेंसी के भीतर ही एक कंपनी के सिलेंडर से दूसरी कंपनी के सिलेंडरों में अवैध तरीके से गैस ट्रांसफर की जा रही थी। एक ही एजेंसी के परिसर में अन्य प्रतिस्पर्धी कंपनियों के सिलेंडरों का इतनी बड़ी संख्या में मिलना न केवल वित्तीय धोखाधड़ी है, बल्कि सुरक्षा मानकों का भी गंभीर उल्लंघन है।

क्षेत्र में हड़कंप, रडार पर कई और नाम
इस बड़ी कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जांच टीमें अब इस बात की तहकीकात कर रही हैं कि यह अवैध सप्लाई किन होटलों, ढाबों या फैक्ट्रियों में भेजी जा रही थी। प्रशासन इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े नामों का खुलासा करने की तैयारी में है।