चौरीचौरा में गहराया बिजली संकट: 10 दिन में 3 बार फुंका ट्रांसफार्मर, भड़के ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र का किया घेराव
गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) शशि जायसवाल। चौरीचौरा विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के बांसहिया गांव में लगातार ट्रांसफार्मर जलने से बिजली संकट विकराल रूप ले चुका है। पिछले 10 दिनों के भीतर तीन बार ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे पेयजल, घरेलू कामकाज और बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली विभाग की इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को चौरीचौरा विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
100 KVA ट्रांसफार्मर पड़ा नाकाफी, 250 KVA क्षमता की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में लगा 100 केवीए (KVA) का ट्रांसफार्मर गांव के वर्तमान बिजली लोड के हिसाब से बेहद कम क्षमता का है। ओवरलोडिंग के कारण आए दिन यह जल जाता है, जिससे पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बार-बार मरम्मत करने के बजाय गांव में 250 KVA क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही क्षमता वृद्धि कर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
अवर अभियंता (JE) का आश्वासन
चौरीचौरा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (JE) मनोज गुप्ता ने बताया कि समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव में आवश्यकता के अनुसार जल्द ही अधिक क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
घेराव और प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार पासवान, रामेश्वर जायसवाल, अलबेला यादव, योगेश दुबे, ध्रुव नारायण दुबे, विवेक जायसवाल, अजय यादव, आशुतोष पासवान, शिवम द्विवेदी, सोनिया देवी, इंद्रावती, सुभावती देवी, भानमती देवी, चानमती देवी, फूला देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

