सामाजिक सुरक्षा पेंशनर्स 30 नवंबर तक जरूर करवाएं वार्षिक सत्यापन, अन्यथा अटक सकती है पेंशन
भरतपुर, 12 नवंबर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं (वृद्धावस्था, विधवा एवं विशेष योग्यजन पेंशन) का लाभ ले रहे पेंशनर्स के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक भौतिक सत्यापन 1 नवंबर 2026 से शुरू कर दिया गया है। सभी पात्र लाभार्थियों को 30 नवंबर 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज आर्य ने जिले के समस्त पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपना वार्षिक सत्यापन अवश्य करवा लें, ताकि उनकी मासिक पेंशन बिना किसी रुकावट के नियमित रूप से जारी रह सके।
वार्षिक सत्यापन करवाने के तीन आसान माध्यम
विभाग की ओर से पेंशनर्स की सुविधा के लिए सत्यापन के तीन विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं:
-
बायोमेट्रिक सत्यापन: पेंशनधारक अपने नजदीकी ई-मित्र कियोस्क या ई-मित्र प्लस केंद्रों पर जाकर अंगूठे की छाप (फिंगरप्रिंट) के माध्यम से सत्यापन करवा सकते हैं।
-
मोबाइल एप से फेस रिकग्निशन: विभाग द्वारा विकसित एंड्रॉयड मोबाइल एप 'राज एसएसपी' (RajSSP) के माध्यम से लाभार्थी घर बैठे चेहरे की पहचान (फेस रिकग्निशन) तकनीक द्वारा भी अपना सत्यापन कर सकते हैं।
-
ओटीपी (OTP) आधारित सत्यापन: यदि किसी बुजुर्ग या विशेष योग्यजन पेंशनधारक का फिंगरप्रिंट या फेस रिकग्निशन से सत्यापन नहीं हो पाता है, तो वे संबंधित पेंशन स्वीकृतकर्ता अधिकारी (उपखंड अधिकारी या विकास अधिकारी) के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करवा सकते हैं।

