गेहूं की बुवाई में वैज्ञानिक तकनीकों का रखें खास ख्याल: उन्नत बीज चयन, बीज शोधन और संतुलित उर्वरक प्रबंधन से मिलेगा बम्पर उत्पादन
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
क्षेत्र में इन दिनों रबी की मुख्य फसल गेंहू की बुवाई का कार्य तेजी से चल रहा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि किसानों को बेहतर, गुणवत्तायुक्त और बम्पर पैदावार प्राप्त करने के लिए पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी है। इसी को लेकर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. के.के. सिंह ने किसानों को बीज चयन से लेकर उर्वरकों के संतुलित प्रयोग तक कई महत्वपूर्ण और उपयोगी सुझाव दिए हैं।
उन्नत प्रजातियों का चयन और खेत की तैयारी
डॉ. सिंह ने बताया कि नवंबर माह में गेहूं की बुवाई के लिए किसानों को हमेशा क्षेत्र के अनुकूल संस्तुत उन्नत प्रजातियों का ही चयन करना चाहिए। इन प्रमुख किस्मों में डीबीडब्ल्यू-327, डीबीडब्ल्यू-370, डीबीडब्ल्यू-371, डीबीडब्ल्यू-332, डीबीडब्ल्यू-187, डीवीडब्ल्यू-303, एचडी-3226, एचपीबीडब्ल्यू-01, पीबीडब्ल्यू-723, एचडी-2967 और एचडी-3386 शामिल हैं। उन्होंने सलाह दी कि बुवाई से पहले खेत में पर्याप्त नमी होना अनिवार्य है। नमी कम होने पर किसान भाई 'पलेवा' (पडेव) अवश्य करें, जिससे बीजों का अंकुरण शत-प्रतिशत और बेहतर तरीके से हो सके।
बीज शोधन और बुवाई का सही तरीका
फसल को बीमारियों से बचाने के लिए बुवाई से पूर्व बीज उपचार (बीज शोधन) करना अत्यंत आवश्यक है।
-
उपचार विधि: प्रति किलोग्राम बीज की दर से 3 ग्राम कार्बेंडाजिम अथवा 5 ग्राम ट्राइकोडर्मा से बीज को उपचारित करके ही बुवाई करें।
-
बीज की मात्रा व दूरी: गेहूं की बुवाई के लिए प्रति हेक्टेयर 100 किलोग्राम बीज पर्याप्त रहता है। बुवाई सीड ड्रिल, हैप्पी सीडर या सुपर सीडर मशीन से करना अधिक लाभकारी होता है। कतार से कतार की दूरी 23 सेंटीमीटर और पौधे से पौधे की दूरी 5 से 10 सेंटीमीटर रखनी चाहिए, जबकि बीज की गहराई 6 सेंटीमीटर से अधिक नहीं होनी चाहिए।
संतुलित उर्वरक प्रबंधन और मृदा परीक्षण
कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे बुवाई से पहले खेत की मिट्टी की जांच जरूर करवाएं। मृदा परीक्षण के आधार पर ही उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए। नवंबर माह में गेहूं की बुवाई के लिए प्रति हेक्टेयर 150 किलोग्राम नत्रजन (नाइट्रोजन), 60 किलोग्राम फास्फोरस और 40 किलोग्राम पोटाश की संस्तुत मात्रा का ध्यान रखना चाहिए।
डॉ. के.के. सिंह ने अन्नदाताओं से आह्वान किया है कि यदि वे वैज्ञानिक विधियों, उन्नत बीजों और संतुलित खाद-उर्वरक प्रबंधन का सही तालमेल अपनाएंगे, तो निश्चित ही कम लागत में बम्पर और गुणवत्तायुक्त पैदावार प्राप्त कर सकेंगे।

