पंचायत राज चुनाव में आर.ओ. ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से प्रिंसिपल की मौत, परिजनों ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर की मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग

Nov 11, 2026 - 18:52
 0
पंचायत राज चुनाव में आर.ओ. ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से प्रिंसिपल की मौत, परिजनों ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर की मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग

उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)

पंचायत राज आम चुनाव 2026 के दौरान ड्यूटियों का भारी दबाव और प्रशासनिक व्यस्तता किस तरह कर्मचारियों की जान पर भारी पड़ रही है, इसका एक और दर्दनाक मामला उदयपुरवाटी से सामने आया है। चुनाव में पीठासीन अधिकारी (R.O.) के रूप में नियुक्त एक प्रधानाचार्य (प्रिंसिपल) की चुनाव ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई है। घटना से शिक्षक वर्ग और परिजनों में गहरा रोष व शोक व्याप्त है।

ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत:

मृतक के बड़े भाई सुमेर मीणा के अनुसार, उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खोह में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत विनोद कुमार मीणा को पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण में पिलानी पंचायत समिति की जखोड़ा ग्राम पंचायत में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए आर.ओ. नियुक्त किया गया था। प्रिंसिपल विनोद कुमार मीणा 27 अक्टूबर को मतदान दल के प्रभारी के रूप में मतदान केंद्र पर पहुंचे थे और 28 अक्टूबर को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराया था।

काम के भारी दबाव और तनाव से बिगड़ी स्थिति:

परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सरपंच चुनाव से एक दिन पहले 29 अक्टूबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। हालांकि प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन कार्य की अधिकता और मानसिक दबाव कम नहीं हुआ। इसके बाद 31 अक्टूबर (उपसरपंच चुनाव के दिन) और रात्रि में मतदान गणना के तनाव के चलते उनकी तबीयत फिर से गंभीर रूप से खराब हो गई और वे बाथरूम में गिर पड़े। इसके बावजूद वे पूरी चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाकर 31 अक्टूबर की रात बीमार हालत में ही घर पहुंचे और अपने स्तर पर उपचार लिया।

इलाज के दौरान तोड़ दिया दम:

तबीयत में सुधार न होने और 5 नवंबर को स्थिति अत्यधिक गंभीर होने पर उन्हें चौमूं के बराला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 6 नवंबर की सुबह उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

परिजनों की चुनाव आयोग से मांग:

इस  घटना के बाद परिजनों ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मांग की है कि चुनाव ड्यूटी के दौरान हुई इस मौत के मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए। साथ ही, मृतक प्रिंसिपल के परिवार को नियमानुसार विशेष आर्थिक सहायता, अनुग्रह राशि और अन्य सभी देय परिलाभ तुरंत प्रदान किए जाएं ताकि पीड़ित परिवार को कुछ संबल मिल सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................