शिकारियों पर वन विभाग का शिकंजा:तीतर का शिकार करने पर आरोपी को जेल भेजा
तखतगढ़ (बरकत खां):
बालोतरा जिले की सिवाना रेंज के जैतमालगढ़ गांव में वन्यजीव तीतर के शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है। वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर और आदतन शिकारी को धर दबोचा है, जिसे न्यायालय ने जेल भेज दिया है।
त्वरित कार्रवाई से हुआ खुलासा:
उप वन संरक्षक बालोतरा, डॉ. अमित चौहान के निर्देश पर क्षेत्रीय वन अधिकारी सिवाना, कृष्ण कुमार परमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। वन विभाग की टीम ने पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जाल बिछाकर शिकारियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की।
पुराना हिस्ट्रीशीटर है आरोपी:
कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी खीमाराम पुत्र गणेशाराम (जाति भील, निवासी मिठौड़ा, तहसील सिवाना) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कोई नया अपराधी नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ पूर्व में भी वन्यजीव अपराधों के कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
रिमांड के बाद भेजा गया जेल:
मामले में गहन पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के लिए वन विभाग ने आरोपी को माननीय सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिवाना के समक्ष पेश किया। अदालत ने आरोपी को पहले एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा और पूछताछ के बाद उसे 21 नवंबर तक के लिए जेल भेज दिया।
वन विभाग की दो टूक - बख्शे नहीं जाएंगे शिकारी:
वन विभाग ने साफ कर दिया है कि वन्यजीवों के शिकार और वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वाले अपराधियों के खिलाफ अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। विभाग की टीमें क्षेत्र में सतत निगरानी रख रही हैं ताकि ऐसे आपराधिक तत्वों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान अभी भी जारी है।

