तखतगढ़: दीपावली पर दिखा खुशियों का अनूठा संगम,बाजारों में आकर्षक सजावट, रही भारी रौनक
तखतगढ़ (बरकत खाँ):
दीपावली के पावन पर्व पर इस बार तखतगढ़ नगर में अभूतपूर्व और आकर्षक माहौल देखने को मिला। धनतेरस से लेकर दीपावली तक नगर पालिका की ओर से की गई विशेष विद्युत सजावट के चलते पूरा शहर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। विशेष तौर पर तालाब के सौंदर्यीकरण स्थल पर की गई आकर्षक रोशनी ने दीपोत्सव की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। शाम ढलते ही तालाब परिसर और प्रमुख मार्गों पर जगमगाती रोशनी के नजारों को देखने के लिए लोगों का तांता लग गया।
मोबाइल में कैद किए खूबसूरत पल
इस दीपोत्सव पर नगर की बहन-बेटियों और युवाओं में एक अलग ही उत्साह नजर आया। तालाब के आसपास और रोशनी से सजे विभिन्न स्थानों पर युवाओं ने मोबाइल से बेहतरीन रील्स और वीडियो बनाए। महिलाओं और युवतियों ने भी आकर्षक दृश्यों को अपने कैमरों में कैद कर इस पर्व को यादगार बनाया। हर कोई परिवार के साथ तस्वीरें लेते और जगमगाते नगर की सुंदरता को निहारते दिखाई दिया।
बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
त्योहार के चलते तखतगढ़ के बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुँचे। पटाखों, मिठाइयों, कपड़ों, और सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों पर की गई सजावट बाजार की खूबसूरती को और बढ़ा रही थी। इस बार बारिश का कोई व्यवधान न होने से लोगों ने खुलकर त्योहार का आनंद लिया।
प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी
नगर पालिका अध्यक्ष जयश्री नामा, अधिशासी अधिकारी महेंद्र कुमार बंजारा, उप तहसीलदार जितेंद्र कुमार बबेरवाल, पूर्व पार्षद राजेश कुमावत व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में नगर पालिका परिसर में विधि-विधान से माँ लक्ष्मी का पूजन किया गया। वहीं, तखतगढ़ थानाधिकारी शैतान सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिस बल ने बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारu बनाए रखा, जिससे पूरा त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
पारंपरिक 'रामा-सामा' से प्रगाढ़ हुआ भाईचारा
दीपावली के अगले दिन पारंपरिक 'रामा-सामा' की रस्म के तहत नगरवासियों ने घर-घर जाकर एक-दूसरे को राम-राम सा किया और दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। इस परंपरा ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत किया।

