प्रयागराज में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत, MBBS में चयन की खबर से पहले हुई दुखद घटना
प्रयागराज (शशि जायसवाल) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का अत्यंत दुखद मामला सामने आया है। घटना झूंसी थाना क्षेत्र के त्रिवेणीपुरम स्थित आवास की है। बेहद मार्मिक बात यह सामने आ रही है कि छात्रा को तीसरे चरण की काउंसलिंग में MBBS सीट आवंटित हो गई थी, लेकिन परिणाम की आधिकारिक खबर मिलने से पहले ही यह अनहोनी घट गई।
- गाजीपुर की रहने वाली थी छात्रा
जानकारी के अनुसार, मृतका रितु शर्मा मूल रूप से गाजीपुर जिले के अनईपुर गांव की निवासी थी। उसके पिता देवराज शर्मा NHAI से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं। परिवार पिछले कई वर्षों से प्रयागराज के त्रिवेणीपुरम इलाके में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि रितु पढ़ाई में बहुत होनहार थी और NEET में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही थी।
- काउंसलिंग परिणाम और मानसिक तनाव
पुलिस के अनुसार, सोमवार को NEET UG की तीसरे चरण की काउंसलिंग का परिणाम जारी होना था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रितु अपनी परीक्षा और करियर को लेकर काफी मानसिक तनाव में थी।
मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जारी हुए परिणाम में उसे MBBS की सीट मिल चुकी थी, लेकिन उसे इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
- पुलिस व फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर झूंसी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुसाइड नोट मिलने के दावों पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।

