चिड़ावा के अग्रवाल समाज में आयोजित हुआ भव्य समारोह; इतिहास-विरासत पर आधारित प्रश्न मंच और मारवाड़ी हास्य कविताओं ने बांधा समां
चिड़ावा (सुमेर सिंह राव):
अग्रवाल समाज चिड़ावा की ओर से स्थानीय अग्रसेन धाम में दीपावली स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन उत्साह, उमंग और सामाजिक एकजुटता के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, व्यावसायिक उपलब्धियों और राजकीय सेवाओं में चयनित करीब साढ़े तीन दर्जन प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वहीं समाज की गौरवशाली विरासत, इतिहास और महापुरुषों से जुड़ा रोचक प्रश्न मंच कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
अतिथियों के आतिथ्य में हुआ शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि चिड़ावा नगरपालिका उपाध्यक्ष संगीता ललित भगेरिया थीं। अध्यक्षता पूर्वी राजस्थान अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष झंडीप्रसाद हिम्मतरामका ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमप्रकाश मोदी, रघुवीरप्रसाद बाछुका, राजकुमार भालोठिया एवं संतोष देवी कुंजबिहारी गुप्ता उपस्थित रहीं। स्वागत भाषण युवा वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश महामंत्री अनुज भगेरिया ने दिया, जबकि संचालन प्रिंसिपल प्रदीप मोदी एवं प्रो. कन्हैयालाल लाठ ने संयुक्त रूप से किया।
शैक्षणिक, खेल एवं प्रशासनिक प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों (कक्षा 10वीं, 12वीं एवं स्नातक-स्नातकोत्तर में 70% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले), एमबीबीएस, सीए, बीटेक, एलएलबी, एमबीए और एमफार्मा जैसी प्रोफेशनल डिग्रियां हासिल करने वाले युवाओं, खेलकूद में जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं तथा राजकीय सेवाओं में चयनित युवाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान भगेरिया पब्लिक स्कूल और सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
'गर्व है हम अग्रवाल हैं' प्रश्न मंच ने उलझाए प्रतिभागी
कार्यक्रम का सबसे दिलचस्प आकर्षण ‘गर्व है हम अग्रवाल हैं’ विषयक प्रश्न मंच रहा। इसमें अग्रवाल समाज के इतिहास, देश की राजनीति, उद्योग जगत, कला और चिड़ावा की प्रतिष्ठित हस्तियों से जुड़े सवाल पूछे गए।
- गीता प्रेस का सही जवाब: गीता प्रेस गोरखपुर की स्थापना से जुड़े पेचीदा सवाल पर अधिकांश प्रतिभागियों ने हनुमानप्रसाद पोद्दार का नाम लिया, लेकिन मिठाई व्यापारी मनोज फतेहपुरिया ने सही जवाब (संस्थापक जयदयाल गोयनका) देकर सबको चौंका दिया और पुरस्कार जीता।
- भगेरिया और हिम्मतरामका परिवारों की छाप: चिड़ावा में सर्वाधिक बार पार्षद देने वाले परिवार और गौशाला में सर्वाधिक बार अध्यक्ष रहने वाले परिवार से जुड़े सवालों पर पूरा सभागार एक सुर में ‘भगेरिया’ और ‘हिम्मतरामका’ के नारों से गूंज उठा।
प्रश्न मंच और पुरस्कार वितरण स्व. बाबूलाल जी, शशिकांत जी एवं चंद्रकांत जी सुलतानिया परिवार की ओर से प्रायोजित किए गए थे।
हास्य कविताओं और रामा-श्यामा ने बढ़ाया पारिवारिक स्नेह
हास्य कवि हरिश हिंदुस्तानी ने अपनी ठेठ मारवाड़ी अंदाज की कविताओं से दर्शकों को लोटपोट कर दिया। दीपावली मिलन के इस अवसर पर अग्रजनों ने एक-दूसरे से रामा-श्यामा कर पर्व की शुभकामनाएं दीं और बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी समाजबंधुओं ने सामूहिक अग्रभोज में हिस्सा लिया।
इनका हुआ विशेष अभिनंदन
नगरपालिका उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर संगीता ललित भगेरिया का चुनड़ी ओढ़ाकर और प्रतीक चिह्न भेंटकर विशेष अभिनंदन किया गया। साथ ही निकाय चुनाव-2026 में अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने वाले सुभाष खंडेलिया, अनुज भगेरिया, मनीषा केडिया एवं पीयूष बाछुका का भी सम्मान किया गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप-संदीप हिम्मतरामका, राकेश बाछुका, अनिल रामभरोसा, अमित भगेरिया, महेंद्र मोदी, अमित गोयल, रोहित सुलतानिया, प्रशांत पिचानवेवाला, राहुल तोदी व गौरव हिम्मतरामका सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सक्रिय सहयोग रहा।

