गोलोक धाम चाकसू में 29 नवंबर को होगा जैन विचारकों एवं पत्रकारों का महासम्मेलन

Nov 6, 2026 - 18:57
 0
गोलोक धाम चाकसू में 29 नवंबर को होगा जैन विचारकों एवं पत्रकारों का महासम्मेलन

जयपुर (कमलेश जैन) परम पूज्य आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में गोलोक धाम चाकसू (जयपुर) में चल रहा चातुर्मास निरंतर ऐतिहासिक आयोजनों की श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। इसी क्रम में आगामी 29 नवंबर को गोलोक धाम चाकसू में 'जैन पत्रकार महासम्मेलन' एवं वैचारिक गोष्ठी का भव्य आयोजन किया जाएगा।

इससे पूर्व, 3 नवंबर को 'जैन महासंघ' के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चाकसू पहुंचकर नवनिर्मित गौशाला का अवलोकन किया तथा आचार्य श्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार 2026

महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि इस अवसर पर आचार्य श्री प्रज्ञासागर जी ने कहा, "भगवान महावीर स्वामी के शासनकाल में साठ हजार प्रश्न पूछने वाले राजा श्रेणिक अब तक के सबसे बड़े पत्रकार हुए हैं।"

जैन पत्रकारिता में सत्य, निष्पक्षता और धर्म-प्रवर्तक विचारधारा को मजबूती देने हेतु 'श्री महावीर तपोभूमि परिवार, उज्जैन' द्वारा प्रदत्त प्रतिष्ठित 'राजा श्रेणिक जैन पत्रकारिता पुरस्कार 2026' इस वर्ष दैनिक समाचार जगत (जयपुर) के संपादक शैलेंद्र गोधा को 29 नवंबर को चाकसू में प्रदान किया जाएगा। (उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में यह पुरस्कार 'दैनिक विश्व परिवार' के संपादक प्रदीप जैन, रायपुर को कोटा में प्रदान किया गया था।)

तैयारियों को लेकर जयपुर में बैठक संपन्न

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर 5 नवंबर को 'भट्टारक जी की नसिया, जयपुर' में वरिष्ठ पत्रकार बलवंत राज मेहता की अध्यक्षता में जैन पत्रकार महासंघ की कार्यकारिणी एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में देशभर से अधिक से अधिक पत्रकारों, लेखकों और विद्वानों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

समिति और संयोजकों का मनोनयन:

  • मुख्य संयोजक: राकेश जैन चपलमन (कोटा)
  • संयोजक: दीपक गोधा, मनोज जैन, सुरेंद्र कुमार बडजात्या (जयपुर)
  • आयोजक (चातुर्मास समिति): अनिल कुमार जैन बैनेठा वाले (अध्यक्ष), पारस जैन बाकलीवाल निमोडिया वाले (महामंत्री), राजीव जैन (गाजियाबाद), प्रकाश बाकलीवाल, देवेंद्र बाकलीवाल (जयपुर)।

बैठक में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री महेंद्र बैराठी, बलवंत राज मेहता, ज्ञानचंद पाटनी, मनोज सोगानी, मनीष वैद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उदयभान जैन द्वारा किया गया तथा अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................