उदयपुरवाटी के छापोली में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन लाइन से कंक्रीट मिक्सर टकराया, Current की चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौत, 5 झुलसे
7 घंटे चले भारी विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासन और परिजनों में बनी सहमति; मृतकों के आश्रितों को 15-15 लाख रुपये का मुआवजा और संविदा नौकरी की घोषणा
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)।
उदयपुरवाटी के निकटवर्ती छापोली गाँव में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा घटित हुआ। छापोली-कदंब कुंड मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी-बजरी मिलाने वाली (कंक्रीट मिक्सर) मशीन का हाइड्रोलिक जैक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। मशीन में भीषण करंट दौड़ने से मौके पर काम कर रहे 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का प्राथमिक उपचार सीएचसी उदयपुरवाटी में चल रहा है।
7 घंटे चला धरना, वार्ता के बाद बनी सहमति
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल के पास धरना शुरू कर दिया। लगभग 7 घंटे तक चले इस धरने के बाद शाम करीब 5 बजे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पीड़ित पक्ष के साथ वार्ता हुई।
वार्ता में स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग और जिला पुलिस अधीक्षक कविंद्र सिंह सागर की मौजूदगी में समझौता संपन्न हुआ।
15 लाख मुआवजा व संविदा नौकरी का ऐलान
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 15-15 लाख रुपये की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने का निर्णय लिया गया है। समझौते के बाद परिजनों ने शव लेने पर सहमति जताई और धरना समाप्त किया।
"सड़क निर्माण कार्य वन विभाग की जमीन पर बिना विधिवत प्रस्ताव के कराया जा रहा था। पूरे हादसे की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी अधिकारी या ठेकेदार दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
— झाबर सिंह खर्रा, मंत्री
घटना के दौरान विधायक भगवान राम सैनी, युवा नेता संदीप सैनी, रविंद्र भडाना सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर उपस्थित रहे।

