दीपावली का जश्न मातम में बदला: फालना अग्निकांड में पार्षद समेत 3 का अंतिम संस्कार, क्षेत्र में छाया सन्नाटा
तखतगढ़/फालना / बरकत खां
पाली जिले के फालना कस्बे में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक हँसते-खेलते परिवार और पूरे क्षेत्र की खुशियों को मातम में बदल दिया है। पटाखे की दुकान में लगी भीषण आग की चपेट में आने से कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया, उनके पति प्रकाश पूनमिया और जेठ गौतम पूनमिया की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार शाम फालना के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
एक साथ उठीं तीन अर्थियाँ, हर आँख हुई नम
जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अर्थियाँ फालना की सड़कों से गुजरीं, तो पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई और हर किसी की आँखें नम हो गईं। इस मर्मस्पर्शी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, रिश्तेदार और आम नागरिक शामिल हुए, सभी ने दिवंगत आत्माओं को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
जोधपुर में उपचार के दौरान गौतम पूनमिया ने तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली की देर रात आतिशबाजी की एक चिंगारी से पटाखे की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश पूनमिया की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसे गौतम पूनमिया को उपचार के लिए जोधपुर रैफर किया गया था, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस अग्निकांड में तीन दुकानों में रखा लाखों रुपये का माल भी जलकर पूरी तरह खाक हो गया। एक ही परिवार के तीन लोगों की अकाल मृत्यु से फालना सहित पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

