दीपोत्सव के उल्लास के बीच भाई-बहनों ने निभाई स्नेह और विश्वास की परंपरा, बाजारों में मिठाइयों की खरीदारी बढ़ी तो बसों में भी रही यात्रियों की भीड़
तिलक, मिठाई और उपहारों से सजा भाई दूज का पर्व, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की
डीग (नीरज जैन) - 11 नवंबर। जलमहलों की नगरी डीग सहित जिलेभर में बुधवार को भाई दूज का पर्व पारंपरिक उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। दीपोत्सव के पांच दिवसीय आयोजनों की इस महत्वपूर्ण कड़ी पर घर-घर भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और अपनत्व की झलक देखने को मिली। सुबह से ही शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक पर्व की रौनक छाई रही।
इस अवसर पर बहनों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर उनकी सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा दीर्घायु की मंगलकामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट किया।
दीपावली के बाद मनाया जाने वाला भाई दूज का यह पर्व पारिवारिक रिश्तों की मजबूती और भाई-बहन के बीच आजीवन बने रहने वाले स्नेहिल बंधन का संदेश देता है। पर्व को लेकर बाजारों में भी विशेष चहल-पहल रही। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। वहीं, भाई दूज मनाने के लिए अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाने वाले यात्रियों के कारण बसों में भी दिनभर अच्छी-खासी भीड़ रही।

