खैरथल के परी माता मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: भाई दूज पर हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था, सभी धर्मों की आस्था का है अनूठा केंद्र
खैरथल / हीरालाल भूरानी
दीपावली के पावन पर्व से लेकर भाई दूज तक खैरथल शहर का ऐतिहासिक परी माता मंदिर आस्था, विश्वास और सामाजिक सौहार्द का बड़ा केंद्र बना रहा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया (भाई दूज) के पावन अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं का ऐसा तांता लगा कि सुबह से शाम तक पूरा परिसर जनसैलाब से सराबोर नजर आया।
प्रातः 5 बजे से शुरू हुआ दर्शनों का सिलसिला देर शाम तक अनवरत जारी रहा। महिला, पुरुषों, युवाओं और बच्चों सहित हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में धोक लगाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामनाएं कीं।
सर्वधर्म समभाव की मिसाल: हर मजहब के लोग टेकते हैं मत्था
इस मंदिर की सबसे बड़ी और खास विशेषता इसका सर्वधर्म समभाव स्वरूप है। खैरथल के परी माता मंदिर में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई—यानी सभी धर्मों के लोग पूरी श्रद्धा के साथ हाजिरी लगाते हैं। स्थानीय लोग जहाँ इन्हें 'परी माता' के रूप में पूजते हैं, वहीं ग्रामीण आंचल में इन्हें 'मावली माता' के नाम से जाना जाता है। विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के लोगों की यह समान आस्था इस स्थान को केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का अनूठा प्रतीक बनाती है।
विवाह पूर्व जात लगाने और बच्चों की आरोग्यता की है विशेष मान्यता
मंदिर को लेकर क्षेत्र में गहरी धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं:
-
विवाह संस्कार: विवाह योग्य युवक-युवतियों की शादी से पूर्व यहां 'जात' लगाने की पारंपरिक रस्म निभाने के लिए दूर-दराज से परिवार पहुंच रहे हैं।
-
बच्चों की सेहत की मन्नत: श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है कि जिन बच्चों को उल्टी-दस्त, चर्म रोग या अन्य शारीरिक परेशानियां होती हैं, वे माता के दरबार में मन्नत मांगकर अपनी पीड़ा दूर करते हैं। बुधवार और शनिवार को विशेष रूप से प्रसाद चढ़ाने की परंपरा है।
चुनरी, नारियल और मिट्टी की कुंडी में प्रसाद चढ़ाने की परंपरा
माता के दरबार में प्रसाद चढ़ाने का तरीका भी बेहद पारंपरिक है। श्रद्धालु माता को चुनरी, नारियल, चूड़ी, काजल और बिंदी अर्पित करते हैं। इसके साथ ही, वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार मिट्टी की कुंडी में माता का प्रसाद चढ़ाया जाता है। दीपावली से भाई दूज तक उमड़ी यह भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि खैरथल की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को संजोए रखने में परी माता मंदिर की एक अनूठी और अहम भूमिका है।

