बरसाना के श्रीराधा रानी महल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया धनतेरस, भजनों पर झूमे भक्त
बरसाना (अनिल गुप्ता) उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बरसाना धाम स्थित श्री राधा रानी के महल (प्रांगण) में धनतेरस का पर्व पूरी श्रद्धा, भव्यता और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक-आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
श्री राधा रानी के अनन्य भक्त महेंद्र शर्मा ने बताया कि धनतेरस के मौके पर ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं ने "सब की नैया पार लगाओ, मेरी बरसाने वाली बजाओ, सब राधा नाम की ताली..." जैसे लोकप्रिय भजनों की मधुर धुनों पर श्री राधा मंदिर परिसर में जमकर नृत्य किया और लाड़ली जी को रिझाया।
इस दौरान श्री राधा रानी के महल में भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। धनतेरस के पावन पर्व पर बरसाना धाम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन कर धर्मलाभ कमाया।

