दीपावली व छठ पर रेलवे सुरक्षा बल मुस्तैद: आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान; स्टेशनों और ट्रेनों में तलाशी
आगरा/मथुरा (शशि जायसवाल) आगामी दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेल परिसरों में किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने विशेष चेकिंग व सतर्कता अभियान छेड़ दिया है।
गुरुवार को आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर डॉग स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स की सहायता से स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालयों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में सघन तलाशी ली गई।
इस दौरान यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की गई, ताकि पटाखे, गैस सिलेंडर, केरोसिन, पेट्रोल जैसी किसी भी प्रकार की ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री को अवैध रूप से ट्रेनों या स्टेशन परिसर में ले जाने से रोका जा सके।
इससे पूर्व 4 नवंबर को भी आरपीएफ पोस्ट आगरा छावनी की टीम ने मथुरा जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों सहित गाड़ी संख्या 12137 (पंजाब मेल), 12618 (मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस) और 64955 (मेमू) में सघन तलाशी अभियान चलाया था। राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान किसी भी यात्री के पास कोई आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली।
रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए यह निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आरपीएफ प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी और सह-यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी तरह का विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करें तथा सुरक्षित सफर के लिए रेलवे नियमों का पालन कर सहयोग करें।

