उदयपुरवाटी में बजरंग दल का सातवां विशाल रक्तदान शिविर आयोजित: युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह, 234 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)
कस्बे के मुख्य बस स्टैंड स्थित अग्रसेन विश्रामगृह में गुरुवार को बजरंग दल के तत्वावधान में सातवें विशाल रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी हिस्सेदारी निभाई और महादान के इस यज्ञ में आहुति दी। शिविर के दौरान जयपुर, नवलगढ़ और सीकर से आई विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं।
234 यूनिट रक्त का हुआ संग्रहण
रक्तदान को लेकर युवाओं और स्थानीय नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दिनभर चले इस शिविर के दौरान कुल 234 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। इस दौरान शिविर स्थल पर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाने के लिए भारी भीड़ मौजूद रही।
संतों और जनप्रतिनिधियों का रहा सान्निध्य
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न धार्मिक व सामाजिक हस्तियों का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। शिविर में शिवराज जति महाराज, रामनारायण दास त्यागी (तिरुपति बालाजी), मनीष जी महाराज, किन्नर समाज अध्यक्ष सनम बाई, शंकर दास महाराज (खंडेश्वर धाम) और योगिदास महाराज सहित कई संत-महात्माओं ने पहुंचकर आयोजकों की सराहना की और रक्तदाताओं को आशीर्वाद दिया।
प्रमुख लोग रहे मौजूद
शिविर के सफल आयोजन में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर तहसील संयोजक रणसिंह, नगर संयोजक अमित जांगिड़, रक्तदान संयोजक प्रदीप सैनी, रक्तदान प्रमुख अशोक कुमार (बाबा), सीआई रामपाल मीणा, नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि महेश सैनी, पार्षद कुलदीप कटारिया, श्यामलाल कटारिया, नितेश सैनी, तेजस छिपा, राजेंद्र गुरुजी, बनवारी मीणा, विमल बंसल, राहुल चेजारा, दीपक बागड़ी, मनोज टांक, गंगाराम मोरिया, प्रियांशु स्वामी, हिमांशु कुमावत, सुनील सैनी, कमलेश सैनी, मनीष कुमावत, रामकृष्ण और संदीप सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

