गलत इंजेक्शन से 17 वर्षीय CA छात्रा की दर्दनाक मौत, गुस्साए लोगों ने मेडिकल स्टोर के गेट पर लगाई आग; दुकान सील, संचालक फरार

Nov 14, 2026 - 20:09
 0
गलत इंजेक्शन से 17 वर्षीय CA छात्रा की दर्दनाक मौत, गुस्साए लोगों ने मेडिकल स्टोर के गेट पर लगाई आग; दुकान सील, संचालक फरार

भीलवाड़ा / राजस्थान 

शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर संचालक की कथित लापरवाही ने 17 वर्षीय होनहार छात्रा की जान ले ली। हल्के बुखार और जुकाम की दवा लेने गई सीए (CA) की छात्रा प्राची मेहता की गलत इंजेक्शन लगने से तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उदयपुर में उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और मोहल्लेवासियों ने शनिवार दोपहर जमकर हंगामा किया और मेडिकल स्टोर के गेट पर आग लगा दी। तनाव बढ़ता देख प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है, जबकि आरोपी संचालक फरार है।

इंजेक्शन लगते ही पैर में आई सूजन, उदयपुर में तोड़ा दम

मृतका की दादी रूपा मेहता ने बताया कि उनके बेटे राकेश मेहता की 17 वर्षीय पुत्री प्राची को 11 नवंबर को हल्का बुखार था। परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टर नहीं मिलने पर वे सुभाष नगर डिस्पेंसरी के सामने स्थित 'लव-कुश मेडिकल स्टोर' पर दवा लेने पहुंचे। आरोप है कि मेडिकल संचालक राम प्रसाद ने दवा देने के बजाय तुरंत आराम मिलने का झांसा देकर प्राची को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही प्राची की तबीयत बिगड़ने लगी, उसके पैर में गंभीर सूजन आ गई और फफोले पड़ गए। परिजन उसे पहले शहर के निजी अस्पताल ले गए, जहां से नाजुक हालत देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया। एक दिन चले इलाज के बाद शुक्रवार (13 नवंबर) शाम प्राची ने दम तोड़ दिया।पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से समझाइश की।

5 दिन बाद था जन्मदिन, शनिवार को देना था CA का एग्जाम

इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। दादी रूपा मेहता ने रुंधे गले से बताया कि प्राची सीए की पढ़ाई कर रही थी और शनिवार को ही उसका एग्जाम होने वाला था। इतना ही नहीं, महज पांच दिन बाद 19 नवंबर को प्राची का जन्मदिन भी था, जिसकी घर में तैयारियां चल रही थीं। प्राची के पिता राकेश मेहता इमिटेशन ज्वेलरी का व्यापार करते हैं और उसकी छोटी बहन मोली 10वीं कक्षा में पढ़ती है।गुस्साए लोगों ने दुकान के शटर पर आग लगा दी और पत्थर फेंके।

गेट पर लगाई आग, पहले भी 4 मौतों के लगाए गंभीर आरोप

शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे बड़ी संख्या में परिजन, समाजजन और मोहल्लेवासी बंद पड़े मेडिकल स्टोर के बाहर एकत्र हुए और जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए दुकान के गेट पर आग लगा दी। लोगों का आरोप है कि संचालक राम प्रसाद राजनीतिक धौंस दिखाकर बिना किसी वैध डिग्री या लाइसेंस के लोगों का इलाज करता है और इससे पहले भी यहां चार लोगों की जान जा चुकी है। गुस्साए लोगों ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस तत्काल रद्द करने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश विश्नोई ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस जाब्ता, तहसीलदार और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा समझाइश कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 'लव-कुश मेडिकल स्टोर' को सील कर दिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और रिपोर्ट के आधार पर फरार संचालक राम प्रसाद की तलाश व अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................