मुख्य राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने डीग और कुम्हेर में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
डीग / नीरज जैन : पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह शुक्रवार को मैदान में उतरे। उन्होंने डीग एवं कुम्हेर पंचायत समिति क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अऊ के 5 तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बैलारा कलां के 4 मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों को परखा
निरीक्षण के पश्चात राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि दौरे का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मतदान दल समय पर अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंच गए हैं या नहीं और वहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। उन्होंने मतदान दलों के ठहराव, भोजन, पेयजल और शौचालय जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें पूरी तरह संतोषजनक बताया।
सुरक्षा व्यवस्था का ब्यौरा देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड तैनात किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर चार पुलिसकर्मियों का जाप्ता और संवेदनशील व क्रिटिकल केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। निगरानी के लिए प्रत्येक पंचायत समिति में दो से चार एरिया मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी मुस्तैद हैं।
तकनीकी खामी पर तत्काल ईवीएम बदलने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान एक मतदान दल सदस्य द्वारा ईवीएम (EVM) के सुचारू रूप से कार्य न करने की बात सामने लाई गई। इस पर आयुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया कि यह मामला उपखंड प्रशासन की जानकारी में है और संबंधित ईवीएम को तत्काल बदलने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए।
200 से अधिक केंद्रों का निरीक्षण, टीम भावना की सराहना
राजेश्वर सिंह ने बताया कि उन्होंने राजस्थान भर में अब तक 200 से अधिक मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया है और सभी स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं। उन्होंने नीचे से ऊपर तक चुनाव कार्य में जुटी पूरी टीम—पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी—की सक्रियता और प्रतिबद्धता की सराहना की।
इस निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार, कुम्हेर उपखंड अधिकारी भारती भारद्वाज और डीग उपखंड अधिकारी अमित कुमार मीना सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

