साधु-संतों ने आश्रय सदन की बालिकाओं के साथ मनाया बाल दिवस, संस्कार और शिक्षा का दिया संदेश

Nov 14, 2026 - 19:07
 0
साधु-संतों ने आश्रय सदन की बालिकाओं के साथ मनाया बाल दिवस, संस्कार और शिक्षा का दिया संदेश

हलैना/मथुरा (विष्णु मित्तल) 
वृंदावन नगर के चैतन्य बिहार स्थित महिला आश्रय सदन में शुक्रवार को बाल दिवस के अवसर पर साधु-संतों ने आश्रय सदन में निवास कर रही बालिकाओं के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संतों ने बालिकाओं को स्नेह, आशीर्वाद और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए शिक्षा, संस्कार एवं आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में हरिदासीय संप्रदाय के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू एवं महंत मोहिनी बिहारी शरण ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाल्यकाल जीवन का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। इसी उम्र में बच्चों के व्यक्तित्व, विचारों और भविष्य की नींव तैयार होती है। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने, अपने अंदर आत्मविश्वास विकसित करने और जीवन में आने वाली चुनौतियों का साहस के साथ सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका में असीम प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और सही दिशा देने की है।

इस दौरान भागवताचार्य अनमोल शास्त्री एवं आचार्य ज्ञानेश गौड़ ने बालिकाओं को श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों से परिचित कराते हुए सनातन संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने गीता के माध्यम से जीवन में कर्म, अनुशासन, धैर्य, सदाचार और सकारात्मक सोच के महत्व को समझाया। साथ ही बताया कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सम्मान और शक्ति का प्रतीक माना गया है। बालिकाओं को अपने जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने और समाज में एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

संतों ने कहा कि बालिकाओं को केवल संरक्षण ही नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा, संस्कार और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना भी आवश्यक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। बाल दिवस जैसे आयोजन बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उन्हें अपनापन और प्रोत्साहन देने का माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम में मथुरा जिले के डीपीओ विकास कुमार, आश्रय सदन की प्रशिक्षिका आशा गौड़, प्रगति खरे, खुशबू, रजनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उनके जीवन में शिक्षा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का संचार करना रहा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................