भरतपुर में उत्साह के साथ मनाया गया बाल दिवस: भगत सिंह और विदेन एकेडमी में बच्चों को सिखाए गए अधिकार, दिलाई गई बाल विवाह न करने की शपथ
भरतपुर (विष्णु मित्तल): जिले में बाल दिवस का पर्व बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और जागरूकता के संदेश के साथ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजस्थान महिला कल्याण मंडल (शाखा भरतपुर) की परियोजना 'एक्सेस टू जस्टिस फॉर चिल्ड्रन', 'जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन' और 'चाइल्डलाइन' के संयुक्त तत्वावधान में शहर के भगत सिंह मॉडर्न पब्लिक स्कूल तथा विदेन एकेडमी में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
बाल अधिकारों और सुरक्षा पर विशेष सत्र कार्यक्रम के दौरान राजस्थान महिला कल्याण मंडल की जिला समन्वयक टीना चौधरी ने बच्चों को उनके मौलिक बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, शिक्षा के महत्व और आपातकालीन स्थिति में विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से मिटाने का आह्वान करते हुए इसके दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया।
वहीं, AVA संस्था से जुड़े उमेश चौधरी ने छात्र-छात्राओं को 'गुड टच-बैड टच' की बारीकियों से अवगत कराते हुए उन्हें सुरक्षित वातावरण और सतर्कता के प्रति सचेत किया।
चाइल्डलाइन '1098' की दी गई जानकारी चाइल्डलाइन टीम के सदस्य फतेह सिंह ने बच्चों को संकट के समय सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण नंबर '1098' (दस अट्ठावन) की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
बाल विवाह मुक्त समाज की ली गई शपथ कार्यक्रम के अंत में दोनों विद्यालयों के प्रबंधन और शिक्षकों के सराहनीय सहयोग से सभी ने मिलकर बाल विवाह न करने और समाज को सुरक्षित बनाने की शपथ ली। इस अवसर पर राजस्थान महिला कल्याण मंडल से टीना चौधरी व सोनू सागर, चाइल्डलाइन से फतेह सिंह व मोहन, तथा AVA संस्था से उमेश चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल और सुरक्षित भविष्य की कामना की।

