कानपुर के घाटमपुर डाकघर में 'फर्जी पासबुक' का बड़ा खेल; वर्षों की जमा पूंजी गायब, करोड़ों के घोटाले की आशंका
कानपुर (यू.पी.) शशि जायसवाल: सरकारी तंत्र पर भरोसे के नाम पर लोगों की जीवनभर की गाढ़ी कमाई से खिलवाड़ का एक चौंकाने वाला मामला कानपुर के घाटमपुर डाकघर में सामने आया है। यहां फर्जी पासबुक और सरकारी मुहरों के जरिए खाताधारकों की लाखों-करोड़ों की जमा पूंजी में बड़ी हेराफेरी का खुलासा हुआ है। लोग वर्षों तक अपनी मेहनत की कमाई डाकघर में जमा करते रहे और उन्हें पासबुक में बकायदा एंट्री व मुहर भी मिलती रही, लेकिन जब निकासी की बारी आई तो पता चला कि आधिकारिक रिकॉर्ड में उनके खाते ही मौजूद नहीं हैं। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बेटी के 8 लाख रुपये निकालने पहुंचने पर खुला फर्जीवाड़े का राज
इस पूरे घोटाले का पर्दाफाश स्थानीय निवासी आकांक्षा चौरसिया की शिकायत के बाद हुआ। जानकारी के अनुसार, आकांक्षा के पिता जितेंद्र चौरसिया ने वर्ष 2007 में एजेंट शैलेंद्र पांडेय के माध्यम से डाकघर में खाता खुलवाया था। परिवार नियमित रूप से पैसे जमा करता रहा और पासबुक पर डाकघर की आधिकारिक मुहर के साथ प्रविष्टियां दर्ज होती रहीं।
वर्ष 2012 में पिता और 2024 में मां के निधन के बाद जब आकांक्षा अपनी जमा राशि (जो पासबुक के अनुसार 8 लाख रुपये से अधिक थी) निकालने डाकघर पहुंचीं, तो कर्मचारियों ने बताया कि रिकॉर्ड में उनके माता-पिता के नाम का कोई खाता ही नहीं है।
पासबुक लेकर डाकघर पहुंचे सैकड़ों पीड़ित, करोड़ों की हेराफेरी की आशंका
एक परिवार के साथ हुई इस ठगी की खबर फैलते ही क्षेत्र के सैकड़ों खाताधारक अपनी-अपनी पासबुक लेकर घाटमपुर डाकघर पहुंच गए। कई लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों तक काउंटर पर नकद रुपये जमा किए और पासबुक पर एंट्री कराई, लेकिन अब सिस्टम में उनकी रकम शून्य है। डाकघर के बाहर जमा भीड़ में अपनी जीवनभर की बचत डूबने को लेकर भारी आक्रोश और चिंता देखी गई। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यह घोटाला करोड़ों रुपये तक का हो सकता है।
उपडाकपाल व क्लर्क निलंबित, तीन सदस्यीय जांच टीम गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए डाक विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्कालीन उपडाकपाल राकेश मिश्रा और क्लर्क शिवम सचान को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की तह तक जाने के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी पासबुक कैसे तैयार हुईं, उन पर डाकघर की असली मुहर का इस्तेमाल किस तरह होता रहा और जनता द्वारा जमा की गई भारी-भरकम रकम आखिर किसकी जेब में गई।
पीड़ितों की मांग: दर्ज हो एफआईआर, वापस मिले मेहनत की कमाई
आक्रोशित खाताधारकों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी कर्मचारियों व संबंधित एजेंट के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पीड़ितों ने गुहार लगाई है कि सरकार उनकी डूबी हुई जमा पूंजी को जल्द से जल्द वापस दिलाने की व्यवस्था करे।

