किसानों को दी खेती की उन्नत तकनीक व योजनाओं की जानकारी

बहरोड़ (मयंक जोशीला) - किसानों के हितार्थ 29 मई से 12 जून तक आयोजित हो रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग द्वारा जिले की पंचायत समिति कोटपूतली के ग्राम नारहेडा, खडब व चुरी में केवीके गोनेडा और बानसूर के ग्राम देवसन, हरसौरा व माजरा अहीर तथा बहरोड के ग्राम खोहर, बसई व नांगल खोडिया में केवीके बानसूर के कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विभाग द्वारा खरीफ फसलों की नवीनतम तकनीकी, प्राकृतिक खेती की विधियों की जानकारी किसानों को देते हुये मृदा स्वास्थय कार्ड के आधार पर उर्वरकों के संतुलित उपयोग, कृषि व उद्यान विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से बता कर जानकारी दी गई। अभियान में किसानों के साथ-साथ महिला किसानों नवाचारी एवं प्रगतिशील किसानों, स्थानीय जन प्रतिनिधियों द्वारा भाग लिया गया। इस अवसर पर मौके पर ही किसानों की खेती से संबधित तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया गया। अभियान में नवाचारी व प्रगतिशील किसानों द्वारा अनुभव भी साझा किये गये। किसानों द्वारा उत्साहित होकर अभियान में भाग लेते हुये बताया गया कि ऐसे कार्यक्रम से स्थानीय स्तर पर ही अच्छी जानकारी प्राप्त हो रही है व समस्याओं का समाधान कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किया जा रहा है। अभियान के दौरान कस्टम हायरिंग केन्द्रों राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन आदि की विस्तृत जानकारी दी गई। संयुक्त निदेशक कृषि (वि०) कोटपूतली-बहरोड़ ने जिले के किसानों को अधिक से अधिक संख्या में स्थानीय स्तर पर 29 मई से 12 जून तक आयोजित होने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान में भाग लेने व मौके पर ही खेती से जुड़ी जानकारी तथा तकनीकी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने का आग्रह किया।






