चूल्हे पर खाना बना रही विवाहिता झुलसी हालत गंभीर
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव उदी का बास में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार घनश्याम कश्यप की 24 वर्षीय पत्नी राखी चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी, जिससे चूल्हे से निकली चिंगारी राखी के कपड़ों में लग गई और वह आग की चपेट में आ गई। आग तेजी से फैलने लगी और राखी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत आग पर काबू पाया और महिला को उपचार के लिए अलवर के सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह बर्न वार्ड में उपचाराधीन है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है।