जय अमन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण रहा यादगार, एसीबी डीआईजी नारायण जी टोगस से की मुलाकात
बावड़ी / भोपालगढ़ (जोधपुर / मिश्रीलाल लखारा) जय अमन पब्लिक सेकेंडरी स्कूल, भोपालगढ़ के विद्यार्थियों का चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण बेहद यादगार और प्रेरणादायक रहा। राजस्थान की संस्कृति, इतिहास और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से जानने के उद्देश्य से आयोजित इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अजमेर में एक विशेष मुलाकात के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) के डीआईजी नारायण जी टोगस (IPS) से भेंट की।
खेड़ापा पुलिस थाने से महिपाल ग्वाला ने बताया कि उनके पुत्र रोहित ग्वाला सहित विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया।
- विद्यार्थियों को मिले सफलता के मूल मंत्र
एसीबी डीआईजी नारायण जी टोगस ने विद्यार्थियों से आत्मीयता से बातचीत करते हुए उनके भ्रमण के अनुभवों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच बनाए रखने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की मजबूत नींव है, जिसमें समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन और अच्छे संस्कार बहुत जरूरी हैं।
- अनुभवों का अनूठा संगम रहा चार दिवसीय भ्रमण
डीआईजी टोगस के साथ इस मुलाकात से विद्यार्थियों को प्रशासनिक व पुलिस सेवा की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला और जीवन में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा भी प्राप्त हुई। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए डीआईजी नारायण जी टोगस का आभार व्यक्त किया। यह चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, अनुभव और मनोरंजन का अनूठा संगम साबित हुआ।

