दीपावली पर रोशनी से जगमगाएगा कोसेलाव: मंदिर-मस्जिदों की होगी सजावट, सर्वश्रेष्ठ सजावट वाले घरों को मिलेगा नकद पुरस्कार
तखतगढ़/कोसेलाव (बरकत खां) दीपावली के पावन पर्व पर कोसेलाव ग्राम पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक अनूठी पहल की शुरुआत की जा रही है। गांव के हर गली-मोहल्ले को सजाने के साथ-साथ सभी मंदिरों और मस्जिदों पर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भगवत सिंह राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव को स्वच्छ व सुंदर बनाने तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करने के लिए गाय के गोबर व मिट्टी के पारंपारिक दीपकों से दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
- घरों की सजावट पर मिलेंगे नकद पुरस्कार
सरपंच श्रीमती वंदना बलवंत परिहार एवं उपसरपंच सुखी देवी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीणों को अपने घरों पर रंगोली और रोशनी की सुंदर सजावट करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए एक प्रतियोगिता का आयोजन भी रखा गया है। ग्राम पंचायत कमेटी द्वारा बेहतरीन सजावट करने वाले घरों का चयन किया जाएगा, जिसमें:
- प्रथम पुरस्कार: ₹5,100
- द्वितीय पुरस्कार: ₹2,100
- तृतीय पुरस्कार: ₹1,100
ग्राम पंचायत प्रशासन ने सभी ग्रामवासियों से इस दीपोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा अपने घरों व आसपास के परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने की अपील की है।

