लक्ष्मणगढ़ में दीपोत्सव की धूम: धनतेरस पर गुलजार हुए बाजार, जमकर हुई खरीदारी
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/ कमलेश जैन) पञ्च दिवसीय दीपोत्सव महापर्व दीपावली के पावन अवसर पर धनतेरस के शुभ संयोग पर लक्ष्मणगढ़ कस्बे के बाजारों में जबरदस्त रौनक और खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से लेकर देर शाम तक बाजारों में उत्सव का माहौल बना रहा।
- सजावटी सामान और पारंपरिक दीयों की मांग
त्योहारी सीजन में बाजारों में पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ-साथ डिजाइनर दीये, पानी से जलने वाले दीये, रंगीन मोमबत्तियां और फ्लोटिंग कैंडल्स की खासी मांग रही। इसके अलावा घरों की सजावट के लिए बिजली की रंग-बिरंगी झालरें, एलईडी लाइटें, बंधनवार, तोरण और कृत्रिम फूलों की मालाओं की जमकर खरीदारी की गई। महिलाएं मुख्य द्वार, पूजा स्थल और बैठक को सजाने के लिए रेडीमेड रंगोली सेट और आकर्षक झालरें पसंद करती नजर आईं।
- वस्त्र, सर्राफा और ऑटोमोबाइल बाजार में उत्साह
धनतेरस के पावन पर्व पर सर्राफा और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी बूम देखने को मिला। सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ टू-व्हीलर और चार-पहिया वाहनों की बुकिंग व बिक्री में तेजी आई। वहीं, कपड़ों की दुकानों पर भी खासी भीड़ रही, जहां महिलाओं ने साड़ी, सूट, कुर्ती और इंडो-वेस्टर्न परिधानों के नए कलेक्शन खरीदे। परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी जमकर खरीदारी हुई।
- मिष्ठान और पटाखों के बाजार में रौनक
मिठाई की दुकानों पर विशेष मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स के पैक की मांग बढ़ गई है। वहीं, बच्चों के विशेष आकर्षण वाले आइटम्स और पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन पटाखों की दुकानों पर भी खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही।
- पुराने बस स्टैंड से मेन बाजार तक उमड़ी भीड़
कस्बे के पुराने बस स्टैंड, तहसील के पीछे, पुरानी सब्जी मंडी और मेन बाजार में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की आवाजाही बनी रही। दुकानदारों ने बताया कि धनतेरस के साथ शुरू हुई यह चहल-पहल अब दीपावली तक निरंतर और अधिक बढ़ने की पूरी उम्मीद है, जिससे व्यापारिक जगत में भी काफी उत्साह है।

