दीपावली पर महुवा शहर में बढ़ेगी पुलिस सुरक्षा, बाजारों में आज और कल रहेगा विशेष पहरा
महुवा, (दौसा/अवधेश अवस्थी) दीपावली के पावन पर्व को लेकर महुवा शहर सहित क्षेत्र में पंच दिवसीय दीपोत्सव को लेकर पुलिस उपाधीक्षक अनूप सिंह के दिशा निर्देशानुसार महुआथाना अधिकारी महेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शनिवार और रविवार दीपावली के अवसर पर शहर के बाजारों में पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। त्योहार के दौरान उमड़ने वाली भीड़, खरीददारी के लिए आने वाले ग्रामीणों और व्यापारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना पुलिस ने विशेष गश्त और निगरानी की योजना तैयार की है।
थाना अधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि दीपावली के पर्व को लेकर शहर के मुख्य बाजार, तहसील रोड, सराफा बाजार, गणेश मंदिर क्षेत्र, भरतपुर रोड सब्जी मंडी, केंद्रीय बस स्टैंड, अस्पताल, मंडावर रोड व हिंडौन रोड इलाके में लगातार पुलिस गश्त जारी रहेगी। इन सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष मौजूदगी रहेगी।
उन्होंने बताया कि महुवा थाना पुलिस के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी त्यौहार की तैयारी को लेकरमौजूद रहेगा। बाजारों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भी गश्त करते रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। सभी पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं।
- बस स्टैंडों पर रहेगा मुख्य फोकस
थाना अधिकारी महेंद्र यादवने बताया कि शहर के बस स्टैंडों पर भी मुख्य फोकस रहेगा। दीपावली पर बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी, ताकि जेबकतरों, चोरों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।
- नागरिकों से अपील - संदिग्ध दिखे तो तुरंत दें जानकारी
थाना अधिकारी महेंद्र यादव ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नागरिक संदिग्ध लोगों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे तत्काल कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सकता है।
उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की है कि वे अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे चालू रखें, नकदी को सुरक्षित रखें और किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध वस्तु के दिखने पर तुरंत थाना पुलिस को सूचित करें।
- बाजारों में रौनक, पुलिस का भरोसा
दीपावली को लेकर महुवा के बाजारों में इन दिनों खासी रौनक है। कपड़े, मिठाई, पटाखे, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बर्तन और सजावटी सामानों की दुकानों पर खरीददारों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में पुलिस की बढ़ी हुई गश्त से व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
थाना अधिकारी महेंद्र यादव के नेतृत्व मेंपुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी, अवैध पटाखों की बिक्री और यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

