किशोरपुरा में सरपंच प्रत्याशी पूर्व सरपंच बिमला मीणा का ऐतिहासिक अभिनंदन, 51 किलो की माला पहनाकर केलों से तोला
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र की चर्चित ग्राम पंचायत किशोरपुरा में चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच चुकी हैं। इस बार सरपंच पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोक रहे हैं और सभी उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। इसी चुनावी हलचल के बीच पूर्व सरपंच एवं प्रत्याशी बिमला मीणा के समर्थन में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उनका ऐतिहासिक अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक 51 किलो की भव्य फूल-माला पहनाकर और फलों (केलों) से तौलकर अपना समर्थन जताया।
गौरतलब है कि बिमला मीणा ने वर्ष 2009 में सामान्य (जनरल) सीट पर जीत दर्ज कर रिकॉर्ड बनाया था और अपने कार्यकाल के दौरान पंचायत में कई ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए थे। वहीं, किशोरपुरा की राजनीति में सुरेश मीणा एक प्रमुख धुरी बने हुए हैं। स्थानीय राजनीति से लेकर देश-प्रदेश के सियासी गलियारों तक अपनी मजबूत पहचान रखने वाले सुरेश मीणा की सभी प्रमुख राजनीतिक दलों—भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा के शीर्ष नेताओं से बेहतर ट्यूनिंग मानी जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुरेश मीणा का सादगीपूर्ण और शालीन व्यवहार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। समस्या लेकर पहुंचने वाले किसी भी व्यक्ति को वे निराश नहीं लौटने देते। पंचायत स्तर के पद से परे भी उनका रसूख विधायकों, सांसदों और मंत्रियों जैसा देखा जाता है। चुनावी समर में उतरे 10 प्रत्याशियों के बीच अब देखना दिलचस्प होगा कि किशोरपुरा की जनता इस बार सरपंच का ताज किसके सिर बांधती है।

