नवसृजित ग्राम पंचायत सोकलाड़ा में सरपंच प्रत्याशी धापू देवी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन, उमड़ा जनसैलाब
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के गांवों में आगामी पंचायतीराज चुनाव की सरगर्मियां तेज होने के साथ ही चुनावी चौपालें सजने लगी हैं। इसी क्रम में नवसृजित ग्राम पंचायत सोकलाड़ा से सरपंच पद की प्रत्याशी धापू देवी के मुख्य चुनाव कार्यालय का रविवार को ढाणी लाखाहाला (कृष्ण नगर) में फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यालय उद्घाटन के मौके पर क्षेत्र के सर्वसमाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने शिरकत कर प्रत्याशी धापू देवी को खुला समर्थन दिया। इस दौरान महिलाओं ने फूल-मालाओं से धापू देवी का भव्य स्वागत किया, वहीं पुरुषों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जीत का भरोसा दिलाया। प्रत्याशी धापू देवी ने उपस्थित बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर जीत और सेवा का आशीर्वाद लिया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रत्याशी प्रतिनिधि बाबूलाल यादव ने कहा कि यदि जनता ने धापू देवी को पंचायत की सेवा का अवसर दिया, तो वे अगले पांच साल तक एक जनप्रतिनिधि नहीं बल्कि आमजन के सेवक के रूप में गांव के बीच रहकर बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराएंगे। उन्होंने कहा कि नवसृजित पंचायत को एक आदर्श ग्राम पंचायत बनाना ही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। कार्यालय उद्घाटन के दौरान सर्वसमाज के प्रमुख प्रबुद्धजन, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

