चार पंचायत समितियों की 155 ग्राम पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, बयाना-भुसावर-नदबई और वैर में मतदाताओं ने उत्साह से किया मताधिकार का प्रयोग
भरतपुर(कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 5 नवंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण में गुरुवार को भरतपुर जिले की चार पंचायत समितियों बयाना, भुसावर, नदबई एवं वैर की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्डपंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रही। मतदान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। जिले में कुल 81.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रतिशत के मामले में नदबई पंचायत समिति क्षेत्र 83.02 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि वैर 78.60 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे पीछे रहा।
5 लाख से अधिक मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि जिले की 155 ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 5,07,428 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांवों की सरकार चुनने में भागीदारी निभाई।
मतदान के आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक जिले में 17.90 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 41.08 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 59.05 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक औसतन 81.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
नदबई में सबसे ज्यादा, वैर में सबसे कम मतदान
चारों पंचायत समितियों में मतदान प्रतिशत की स्थिति देखें तो नदबई 83.02 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा। वहीं भुसावर में 82.57 प्रतिशत और बयाना में 82.36 प्रतिशत मतदान हुआ। वैर पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे कम 78.60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पंचायत समितिवार मतदान का आंकड़ा
-
बयाना: कुल 1,74,535 मतदाताओं में से 1,43,754 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 82.36 रहा।
-
भुसावर: कुल 98,190 मतदाताओं में से 81,073 ने वोट डाले। मतदान प्रतिशत 82.57 रहा।
-
नदबई: कुल 1,40,477 मतदाताओं में से 1,16,622 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 83.02 रहा।
-
वैर: कुल 94,226 मतदाताओं में से 74,058 ने मतदान किया। मतदान प्रतिशत 78.60 रहा।
दिनभर बढ़ता रहा मतदान का ग्राफ
मतदान के दौरान चारों पंचायत समितियों में अलग-अलग समय पर मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सुबह 10 बजे तक बयाना में 19.43, भुसावर में 17.17, नदबई में 17.29 और वैर में 16.75 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 1 बजे तक बयाना में 42.11, भुसावर में 40.61, नदबई में 40.85 और वैर में 40.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
दोपहर 3 बजे तक बयाना में 60.80, भुसावर में 58.44, नदबई में 61.30 और वैर में 53.11 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक जिले का औसत मतदान 81.88 प्रतिशत पहुंच गया।
इस प्रकार चारों पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने के साथ ही ग्रामीण मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

