जिला प्रभारी सचिव ने पावटा उपखंड में किया विद्यालय और आंगनबाड़ी भवनों का निरीक्षण
जर्जर भवनों की रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्वाही करें, इस कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी- एमपी मीणा
कोटपूतली-बहरोड़, (भारत कुमार शर्मा) । प्रबंध निदेशक, राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड जयपुर एवं जिला प्रभारी सचिव महावीर प्रसाद मीणा ने रविवार को उपखंड पावटा के राजकीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को भवन की स्थिति एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी, एसडीएम पावटा कपिल उपाध्याय, एसडीएम कोटपुतली बृजेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी सचिव मीणा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाथरेड़ी एवं प्रागपुरा तथा आंगानबाडी के निरीक्षण के दौरान भवन की स्थिति, कक्षाओं की दशा, दीवारों की दरारें तथा परिसर की साफ-सफाई आदि का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे भवन जो जर्जर अवस्था में है उनका तुरंत चिन्हीकरण करें। उन्होंने संस्थानों में सुविधाओं की उपलब्धता, स्वच्छता, शौचालय, पेयजल और अन्य सुविधाओं को लेकर परिस्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने जिले के सभी उपखंड अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित राजकीय भवनों, विद्यालयों, आंगनबाडियों और भवनों का फील्ड निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का अवलोकन कर जो भवन जर्जर अवस्था में हैं अथवा उपयोग के लिए असुरक्षित हैं, या मरम्मत की आवश्यकता है उनका चिन्हीकरण कर रिपोर्ट तैयार करें। प्रभारी सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं बल्कि बच्चों की सुरक्षा और समग्र विकास का आधार भी हैं। अतः बच्चों को एक सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्य में सभी संबंधित अधिकारी जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करें। जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिले के उपखंड अधिकारी व जिला स्तरीय अधिकारी निरंतर फिल्ड़ में जाकर विद्यालयों, छात्रावासों व जर्जर भवनों का निरीक्षण कर रहे हैं।