भरतपुर:नदबई में डीएपी खाद के लिए उमड़ी भीड़:धक्का-मुक्की होने पर बुलाई पुलिस
नदबई ,भरतपुर
नदबई के तहसील परिसर में शनिवार सुबह करीब 9 बजे से ही किसान खाद लेने के लिए पहुंचने लगे थे। डीएपी खाद की किल्लत के बीच शनिवार को तहसील परिसर में डीएपी वितरण के लिए पर्ची काटी गई। खाद लेने के लिए सुबह से ही महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और यहां तक कि बच्चों तक की लंबी कतारें लग गईं। लोग भूखे-प्यासे धूप और उमस के बीच घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। देखते ही देखते भीड़ इतनी बढ़ गई कि परिसर में लंबी लाइनें लग गईं। उमस और गर्मी के चलते कई लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दोपहर तक भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों ने एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए लोगों को लाइन में खड़ा किया और शांत करवाया। डीएपी वितरण प्रक्रिया के दौरान क्रय विक्रय सहकारी समिति और कृषि विभाग के अधिकारी लगातार मौजूद रहे।