वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा की अध्यक्षता में बैठक, हरियालो राजस्थान मिशन पर संतोष, अवैध खनन व अतिक्रमण रोकने के सख्त निर्देश
खैरथल-तिजारा
राज्य के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा की अध्यक्षता में रीको गेस्ट हाउस, भिवाडी में आयोजित बैठक में जिले में वन एवं पर्यावरण से संबंधित बजट घोषणाओं, योजनाओं तथा क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री शर्मा ने हरियालो राजस्थान मिशन के तहत जिले की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल, पानी एवं सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा त्रिस्तरीय मूल्यांकन का कार्य भी किया जा रहा है जिसके तहत संभाग सहित सभी स्तरों पर एजेंसियां औचक निरीक्षण कर रही हैं। वे पौधारोपण संरक्षण के लिए सैंपलिंग लेकर किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जो पौधे किसी कारणवश जीवित नहीं रह पाते, उनके स्थान पर नए पौधे लगाए जाएं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पौधारोपण और संरक्षण के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए एवं कहा कि डाटा पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा सर्वाधिक पौधे लगाए गए हैं, इसलिए जिला शिक्षा अधिकारी को उनकी विशेष देखभाल के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री शर्मा ने एजेंडावार समीक्षा करते हुए 2024-25 एवं 2025-26 की विभाग के संबंध में की गई बजट घोषणाओं एवं जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में गति लाने को कहा साथ ही उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस पर कठोरता से रोक लगाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। साथ ही भिवाड़ी में प्रगतिरत बाबा मोहन राम नगर वन की तर्ज पर अन्य परियोजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा।
बैठक में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के क्षेत्रीय अधिकारी अमित जुयाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय योजनाओं, मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा पौधारोपण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक के दौरान मंत्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनुपचारित घरेलू एवं औद्योगिक अपशिष्ट परिसर से बाहर छोड़ने वाली औद्योगिक इकाइयों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, चोरी-छिपे टैंकरों के माध्यम से अनुपचारित अपशिष्ट छोड़ने वालों के विरुद्ध भी कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि संयुक्त अपशिष्ट उपचार संयंत्र (CETP) का संचालन कर रही एस.पी.वी. का ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके अतिरिक्त, घरेलू कचरे (MSW) के उचित निस्तारण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वन मंत्री संजय शर्मा ने नगर परिषद क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने पर बल दिया तथा सार्वजनिक स्थानों व नालियों में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर कड़ी रोक लगाने के निर्देश दिए।
मंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि वन विभाग में मौजूद जर्जर भवनों की मरम्मत करवाए बिना उनका उपयोग नहीं किया जाए। इसके साथ ही खनन, पुलिस और राजस्व विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम गठित करने और वन क्षेत्र व आसपास हो रही अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के आदेश दिए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी प्रशांत किरण, अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक. टी. जे. कविधा, मुख्य वन संरक्षक राजीव चतुर्वेदी, उप वन संरक्षक राजेन्द्र हुड्डा अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, पूर्व चैयरमेन संदीप दायमा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

