गोरखपुर: आप नेता की मौत पर पथराव-बवाल, SHO का सिर फटा
गोरखपुर,शशि जायसवाल
गोरखपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक नेता की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद बवाल मच गया। परिजनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के बाहर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने जब उन्हें शांत कराने की कोशिश की, तो आक्रोशित भीड़ पुलिस से ही भिड़ गई। इस दौरान हुए पथराव में एक SHO (थाना प्रभारी) का सिर फट गया, जिसके बाद उन्हें उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार को गोरखनाथ थाना क्षेत्र के मेरीगोल्ड हॉस्पिटल में रामपुर नयागांव के रहने वाले कुंज बिहारी निषाद की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह आम आदमी पार्टी के नेता थे और वार्ड नंबर 14, राजेंद्र प्रसाद नगर से पार्षद का चुनाव लड़ चुके थे।
कुंज बिहारी की मौत के बाद उनके परिजन और आप नेता अस्पताल के बाहर इकट्ठा हो गए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की, तो उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस से बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजने लगी, तो भीड़ पुलिस से भिड़ गई और पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में गोरखनाथ के SHO शशि भूषण राय का सिर फट गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत उसी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद, पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

